Sat. Jul 27th, 2024

कल दून में होगा कांग्रेस का विराट कार्यकर्ता सम्मेलन
अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखण्ड आएंगे खड़गे
देहरादून। शनिवार को राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ,पूर्व अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदयाल पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, मीडिया प्रभारी डॉक्टर चयनिका उनियाल ने सामूहिक प्रेस वार्ता कर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के देहरादून स्थित बन्नू स्कूल ग्राउंड में 28 जनवरी को प्रस्तावित विराट कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए जन सामान्य का आह्वाहन करते हुए उसमें प्रतिभाग करने का निवेदन किया।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि यह उत्तराखंड कांग्रेस का सौभाग्य है कि लोकसभा चुनाव के शंखनाद के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चार धामों की भूमि उत्तराखंड को चुना। महारा ने कहा की खड़गे की आवाज हर वंचित, शोषित, गरीब और मजलूम की आवाज है। आज जिस तरह से एनसीआरबी का डाटा सामने आया है वह अत्यंत चिंताजनक है। उसके द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार नौ हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड महिला अपराध के क्षेत्र में अग्रणी स्थान पर है, जहां 1 वर्ष में 907 दुष्कर्म और 778 महिलाओ के अपहरण हो गए। ऐसे में देश की जनता कांग्रेस के नेतृत्व की ओर आस भरी निगाहों से देख रही है।
प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि रविवार का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, मोहल्ले, कस्बे गांव में रहने वाले बूथ स्तर के कार्यकर्ता को सीधे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से संवाद करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। आर्य ने कहा कि श्री खड़गे का वृहद और दीर्घकालिक अनुभव है। प्रशासनिक अनुभव में भी वह अव्वल है और जो आज देश के हालात हैं उसमें जो संदेश वह देवभूमि से देंगे वह पूरे देश में जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा की खड़गे का यहां आना कई मायनों में बहुत महत्वपूर्ण है, मजदूरों को उत्पीड़नात्मक श्रम कानून से निजात चाहिए, किसानों को महंगाई से, महिलाओं को अत्याचार से। इस सरकार ने सबको परेशान कर दिया है, नौजवान आज हताश और निराश है ,भ्रष्टाचार सर्वव्यापी है। रावत ने कहा कि खड़गे का कांग्रेस के लिए योगदान अतुलनीय है।


कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड न देना खतरनाक परिपाटीः प्रीतम
देहरादून। प्रीतम सिंह ने कहा कि परेड ग्राउंड देहरादून का हृदय स्थल है जिसे शासन प्रशासन ने कांग्रेस को देने से मना कर दिया जो की बेहद खतरनाक परिपाटी है। कहा कि रिवर्स पलायन के लिए आयोग गठित व उसकी रिपोर्ट का अता पता नहीं। अग्नि वीर योजना ने यहां के जवानों पर कुठाराघात करने का काम किया है भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। कहा कि आज कानून व्यवस्था ढर्रे से उतर चुकी है। अंकिता के पिता ने लिखित शिकायत कर वीआईपी के नाम का खुलासा तक कर दिया लेकिन धामी सरकार आज भी सीबीआई जांच से घबरा रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का आगमन हम सबको गौरवांवित करने वाला पलः गोदियाल
देहरादून। गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का आगमन हम सबको गौरवांवित करने वाला पल है। उन्होने खनन घोटाले पर बोलते हुए कहा कि कितनी शर्म की बात है कि उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार द्वारा हो रही खनन घोटाले की तुलना 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से कर दी। गोदियाल ने कहा कि खड़गे नाउम्मीद लोगों की उम्मीद बनकर आएं हैं। प्रदीप टम्टा ने कहा कि राहुल गांधी की मणिपुर से मुंबई तक जो भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही है उसमें पांच बिंदुओं पर बात हो रही है। युवा न्याय महिला न्याय किसान न्याय श्रमिक न्याय और भागीदारी का न्याय। पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, मीडिया प्रभारी पीके अग्रवाल एवं मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *