Sat. Jul 27th, 2024

पिथौरागढ़ में सीएम का रोड शो, उमड़ी भारी भीड़
2017 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों रोड शो के जरिए 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने में जुटे हुए हैं। उनके सभी प्रांतीय दौरों के दौरान रोड शो को अनिवार्य रूप से हिस्सा बना लिया गया है। इसी क्रम में आज अपने पैतृक जनपद पिथौरागढ़ पहुंचे सीएम धामी ने यहां एक बड़ा रोड शो किया जिसमें भारी भीड़ देखी गई। इसके अलावा आज यहां उन्होंने कई छोटी बड़ी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तो अन्य कई कार्यक्रमों में भी शिरकत की।
पिथौरागढ़ दौरे पर पहुंचे सीएम धामी का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। स्टेडियम से निकाले गए एक भव्य रोड शो में लोगों ने उन पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इस रोड शो का आयोजन जिला भाजपा द्वारा किया गया था। जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भारी भीड़ जुटायी गई थी। यह रोड शो रोडवेज बस अड्डे से होता हुआ देव सिंह मैदान पहुंचा। देव सिंह मैदान पहुंचने पर यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पिथौरागढ़ में चल रही कई छोटी बड़ी विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया। आज उन्होंने यहां कुल मिलाकर 217 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता है कि सीमान्त क्षेत्रों और जनपदों में तेजी से विकास किया जाए। सीमांत गांवों को वाइब्रेट गांवों के दायरे में रखकर जन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश और देश में जितनी तेजी से विकास हुआ है वैसा पहले कभी नहीं हुआ है। यही कारण है कि जनता का भाजपा पर भरोसा बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने आज यहां एक महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया तथा मुख्यमंत्री चटकेश्वर मंदिर भी गए जहां उन्होंने स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अयोध्या में राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत देश भर के मंदिरों में भाजपा द्वारा सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सहित तमाम भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



सीएम समाज कल्याण विभाग में चयनित 26 अभ्यार्थियों को दिये नियुक्ति पत्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित समाज कल्याण विभाग के अन्तर्गत 26 अभ्यार्थियों को नियुक्ति पत्र पत्र प्रदान किये जिनमें 15 सहायक लेखाकार व 11 कनिष्ठ सहायक शामिल है।
आज यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित समाज कल्याण विभाग के अन्तर्गत 26 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। जिसमें 15 सहायक लेखाकर एवं 11 कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी चयनित कार्मिक लगन व कड़ी मेहनत के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और राज्य के विकास व जनसेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग के तहत केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर लाभ मिले, समाज कल्याण विभाग की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने कार्यक्षेत्र की शुरूआत के दौरान ही दिनचर्या बनाते हैं और नियमित दिनचर्या के साथ कार्य करते हैं, तो सभी कार्य सुगमता से पूर्ण होते हैं। कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने और लोगों की मदद करने की भावना सबके मन में होनी चाहिए। जब हम सही भावना से कोई कार्य करते हैं, तो इससे मन में संतुष्टि का भाव होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। विभिन्न विभागों के माध्यम से अनेक भर्ती प्रक्रियाएं गतिमान हैं। भर्ती परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इस कानून के लागू होने के बाद से सभी भर्ती परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता से हुई है। इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण बृजेश कुमार संत, निदेशक समाज कल्याण आशीष भटगाई उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *