Sat. Jul 27th, 2024

जनसम्पर्क में उमड़ी भारी भीड़
चमोली। गढ़वाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने सोमवार को चमोली के नारायणबगड़ और थराली में जनसंपर्क कर किया। लोकसभा प्रत्याशी गोदियाल के थराली पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोदियाल का ढोल नगाड़ों से स्वागत किया। कांग्रेस प्रत्याशी गोदियाल ने बाजार क्षेत्र में जनसंपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगा। वहीं, राजेंद्र भंडारी के भाजपा में जाने पर उन्होंने कटाक्ष भी किया।
गणेश गोदियाल ने सोमवार को थराली में जनसंपर्क कर कांग्रेस के समर्थन में वोटों की अपील की। इस दौरान 21 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने देवाल बाजार में जनसभा को संबोधित किया। गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार अंकिता हत्याकांड में दोषियों को बचाने का काम कर रही है। भाजपा के राज में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सरकार दोषियों को सजा दिलाने के बजाय दोषियों को बचा रही है।
कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी समेत दिग्गज नेताओं के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सिर्फ स्वार्थ के कारण ही कांग्रेस नेता भाजपा में गए हैं। लेकिन पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता आज भी पार्टी के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के झूठे वादों से त्रस्त है। कांग्रेस महगांई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता के बीच जा रही है।
गणेश गोदियाल ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि जिस तरह पहाड़ की जनता ने सत्ता के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हेमवती नंदन बहुगुणा को जिताकर सत्ता को आइना दिखाया था। उसी तरह जनता इस बार भी अंकिता हत्याकांड, महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ वोट देकर कांग्रेस प्रत्याशी को विजय बनाएगी। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परखाल तिराहे पर गाजे बाजे के साथ गोदियाल का स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, पूर्व अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ नेता बिजेन्द्र रावत, राकेश चमोली, देवराज रावत, संदीप पटवाल,गिरीश कण्डवाल,पूर्व प्रमुख अंशी नेगी, खेमराम कोठियाल, लक्ष्मण लाल टम्टा, प्रेम सती, धीरेंद्र रौतेला, दिनेश सती समेत बडी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेन्द्र रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *