Sat. Jul 27th, 2024

सीएम हेल्प लाईन 1905, इन्टीग्रेटेड कमांड व कंट्रोल सेंटर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अल्मोड़ा निवासी लाल सिंह से बात कर समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
इन्टीग्रेटेड कमांड व कंट्रोल सेंटर से यातायात व्यवस्थाओं का भी किया अवलोकन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आई.टी.डी.ए का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्प लाईन 1905 और इन्टीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाईन के कंट्रोल रूम से अल्मोड़ा जनपद के पच्योना गांव के निवासी लाल सिंह की समस्या सुनी। उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को निर्देश दिये कि शिकायत का शीघ्र संज्ञान लेते हुए समाधान किया जाए। लाल सिंह ने सीएम हेल्पलाईन 1905 पर शिकायत की थी कि खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के उनका राशन कार्ड रद्द कर दिया गया है। जिसके कारण क्षेत्रीय राशन डीलर द्वारा उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लाल सिंह से बात करते हुए कहा कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जायेगा। उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को निर्देश दिये हैं कि जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा के स्तर पर लंबित इनकी समस्या का समाधान जल्द कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आई.टी.डी.ए के इन्टीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर से यातायात व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने यातायात व्यवस्थाओं में लगे सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि यातायात की सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही भी की जाए। सीएम हेल्पलाईन 1905 के कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम में कार्य कर रहे कार्मिकों से कहा कि लोगों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित जो भी फोन कॉल आ रहे हैं, लोगों से शालीनता से बात कर उनकी समस्याएं सुने और जिस विभाग से संबंधित शिकायत है, यथा शीघ्र संबंधित विभागों को भेंजे। मुख्यमंत्री हर माह स्वयं सीएम हेल्पलाईन 1905 की विस्तृत समीक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान आई.टी.डी.ए की विभिन्न गतिविधियों का जायजा भी लिया। इस अवसर पर सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम एवं उपाध्यक्ष एम.डी.डी.ए बंशीधर तिवारी भी मौजूद थे।


आईटी पार्क में सीएम धामी ने श्रमिकों को बांटे कंबल
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहस्त्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क के समीप उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कल्याण बोर्ड श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कम्बल वितरण कर पंजीकृत श्रमिकों को कम्बल वितरण अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 3 लाख से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को 15 दिन के अंदर कम्बल वितरण का कार्य पूर्ण किया जाय। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और हौसला भी बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कल्याण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि श्रमिकों की सहायता के लिए जो भी योजनाएं सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं, यह सुनिश्चित किया जाय कि प्रत्येक पात्र को सुविधाओं का लाभ समय पर मिले। विभिन्न योजनाओं के प्रति उनको जागरूक भी किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हमें समाज के हर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को ऊपर लाने के लिए निरन्तर प्रयास करने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *