Sat. Jul 27th, 2024

भाजपा शासन में सुरक्षित नहीं है दलित वर्ग: आर्य

अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त: हरीश

देहरादून। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से मंगलवार को भाजपा सरकार की दलित विरोधी, महिला विरोधी, पिछड़ा वर्ग विरोधी, अल्पसंख्यक विरोधी व युवा बेरोजगार विरोधी नीतियों के खिलाफ सचिवालय कूच किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
इससे पूर्व गांधी पार्क में धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा शासन में सबसे अधिक महिला, दलित, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, गरीब वर्ग, युवा वर्ग पीड़ित है। वहीं मोदी सरकार इन वर्गों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ माह पूर्व रूडकी के बेलड़ा गांव में एक दलित युवक की हत्या के बाद दूसरे युवक की पुलिस पिटाई में मौत की घटना मानवता को शर्मशार करने वाली घटना थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से बार-बार मांग किए जाने पर भी इस प्रकरण के दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने दर्शाता है कि भाजपा शासन में न दलित सुरक्षित हैं, न महिलायें न गरीब और अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा चुकी है तथा अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है। अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में उत्तराखंड पुलिस प्रशासन का डर और भय समाप्त होता हुआ साफ दिखाई पड़ रहा है।
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने केवल धर्म व जाति के नाम पर लोगों को बांट कर राजनीति करने का काम किया है। विधायक ममता राकेश ने कहा कि भाजपा के शासन में महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों पर लगातार अत्चायार बढ़ते जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष दर्शन लाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा दलित व गरीब वर्ग की लड़ाई लड़ी है तथा इन वर्गों के विकास के लिए कटिबद्ध रही है, परन्तु भाजपा शासन में इन वर्गों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलितों पर हो रही अत्याचार की घटनाओं की निन्दा करती है तथा उन्हें विश्वास दिलाती है कि कांग्रेस उनकी लड़ाई तब तक लडती रहेगी जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, विधायक फुरकान अहमद, अनुपमा रावत, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, नव प्रभात, विक्रम सिंह नेगी, राजीव महर्षि, आशीष देसाई, मोहन काला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *